मेरठ। कड़ाके की सर्दी के दौर के बाद गुरुवार को मेरठ में साफ रहे मौसम से बड़ी राहत मिली। धूप निकलने से दिन का तापमान सामान्य स्तर पर पहुंच गया जबकि रात का पारा सामान्य से ऊपर चला गया है।
दिन-रात के तापमान में हुई बढ़ोतरी से शीतलहर एवं सर्द दिन जैसी स्थितियां फिलहाल खत्म हो गई हैं। हालांकि आज से मेरठ सहित वेस्ट यूपी में 48 घंटे तक मध्यम से घना कोहरा छाने के आसार हैं।
इससे दिन के तापमान में थोड़ी गिरावट हो सकती है, लेकिन कड़ाके की सर्दी के अभी वापस लौटने की उम्मीद नहीं है। आज मेरठ और आसपास के क्षेत्रों में बूंदाबांदी के आसार भी हैं।
72 घंटे से मेरठ में जारी साफ मौसम का असर तापमान पर पड़ा है। इस अवधि में मेरठ में ना तो कोहरा दिखा और ना ही शीतलहर चली। ऐसे में दिन-रात दोनों ही तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को अधिकतम तापमान 21.6 एवं रात का 6.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। बुधवार के सापेक्ष दिन के तापमान में तीन और रात में 3.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई।
विभाग के अनुसार इस बढ़ोतरी के साथ ही दिन का तापमान सामान्य जबकि रात का सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस ऊपर चला गया है। तापमान में इस बढ़ोतरी से शीतलहर और सर्द दिन जैसी स्थितियां खत्म हो गई हैं।
गुरुवार देर रात कानपुर, अमरोहा और बिजनौर सहित प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश ने दस्तक दे दी। कानपुर में ओलावृष्टि और बारिश हुई है। अमरोहा में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई।
बिजनौर में हल्की बूंदाबांदी हुई। मेरठ में गुरुवार दोपहर बाद हल्के बादल छाए रहे। मौसम विभाग और निजी एजेंसी स्काईमेट के अनुसार मेरठ सहित वेस्ट यूपी में आज कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।
आज और कल कोहरे के आसार मौसम विभाग के अनुसार वेस्ट यूपी में आज और कल मध्यम से घना कोहरा छाने के आसार हैं। हालांकि कोहरा जल्दी छंट जाएगा और दिन में धूप निकल सकती है।
आसपास के क्षेत्रों में हुई बारिश से दिन के तापमान में मामूली कमी आ सकती है। पांच जनवरी से मौसम पूरी तरह से साफ होने की उम्मीद है और फिर से मैदानों में उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाएं चलने लगेंगी।
बर्फीली हवाओं के चलने से मैदानों में दिन-रात के तापमान में फिर से गिरावट आएगी। हालांकि बर्फीली हवाओं का दौर बहुत लंबा नहीं चलेगा।
सात जनवरी के बाद फिर बदलेगा मौसम मौसम विभाग के अनुसार सात जनवरी से मैदानों में फिर से मौसम में बदलाव के आसार हैं। छह जनवरी की रात से पहाड़ों पर नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की उम्मीद है।
इस विक्षोभ का असर मैदानों तक पहुंचने के आसार हैं। विक्षोभ के सक्रिय होने से मैदानों में कोहरा बढ़ सकता है। सात और आठ जनवरी को मेरठ सहित वेस्ट यूपी में बारिश दस्तक दे सकती है।
धूप निकलते ही प्रदूषण में आई गिरावट तापमान में बढ़ोतरी और धूप निकलने से मेरठ में हवा की गुणवत्ता में भी सुधार हुआ है। बुधवार को मेरठ का एक्यूआई 346 दर्ज हुआ था जो गुरुवार को 275 पर पहुंच गया।
ऐसे में 24 घंटे में मेरठ में हवा की गुणवत्ता में सुधार हुआ है। मेरठ की हवा अभी खराब श्रेणी में बनी हुई हे। गुरुवार तक यह बेहद खराब श्रेणी में थी। हालांकि आज कोहरा छाने से प्रदूषण के स्तर में बढ़ोतरी की आशंका है।