धर्म परिवर्तन कर शादी करने वाली महिला और उसके पति पर दौराला थाना क्षेत्र के शाहपुर जदीद गांव में रविवार सुबह हमला बोल दिया गया।
महिला के परिजनों ने उसकी ससुराल पहुंचकर मारपीट, तोड़फोड़ कर दी। पुलिस के पहुंचने से पहले हमलावर फरार हो गए। महिला ने हफ्तेभर पहले ही एसएसपी कार्यालय पहुंचकर परिजनों से जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा मांगी थी।
सुरक्षा के नाम पर पुलिस उसे बस ससुराल तक छोड़ आई थी। शाहपुर जदीद निवासी महिला 14 अप्रैल को मर्जी से घर से चली गई थी।
22 अप्रैल को उसने देवबंद के मनोहरपुर ग्राम स्थित आर्य समाज मंदिर में मर्जी से धर्म परिवर्तन कर गांव के अनुजपाल से शादी कर ली। महिला ने अपना नाम भी सरितापाल रख लिया।
10 दिसंबर को दंपति एसएसपी कार्यालय पहुंचा और एसपी क्राइम रामअर्ज से मिला। सरिता ने परिवार के 20 लोगों से जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा मांगी थी।
एसपी क्राइम के निर्देश पर पुलिस महिला को उसकी ससुराल तक सुरक्षित छोड़कर चली आई। सरिता और अनुज ने बताया कि रविवार सुबह करीब 10 बजे वह गांव सकौती में दवाई लेने के लिए घर से निकलने वाले थे।
तभी सरिता के मायके पक्ष के 20 लोगों ने घर पर आकर हमला बोल दिया। लाठी-डंडों से घर में घुसकर दंपति से मारपीट की। उन पर पत्थर बरसाए। सूचना पर सकौती चौकी से पुलिस फोर्स गांव में पहुंचा।
पुलिस के आने से पहले हमलावर फरार हो गए। पुलिस दंपति को सकौती चौकी ले आई। यहां सरिता की तरफ से 20 लोगों को नामजद करते हुए हमले की तहरीर दी गई।
इसके बाद पुलिस दोनों को अपनी सुरक्षा में घर छोड़कर आई। थाना दौराला के इंसपेक्टर जनक सिंह चौहान ने कहा कि थाने पर इस संबंध में तहरीर नहीं आई है। सकौती चौकी इंचार्ज से बात करके आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।